जोधपुर , जून 07 -- केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने देश की युवा शक्ति पर भरोसा जताते हुए विपक्ष और अन्य राजनीतिक दलों को कड़ा संदेश देते हुए कहा है कि युवा किसी की कठपुतली नहीं बनेंगे।
श्री शेखावत ने रविवार को सर्किट हाउस में मीडिया से बातचीत में युवाओं से संबंधित सवाल पर यह बात कही। उन्होंने कहा कि भारत का युवा कभी कठपुतली न था, न है और न कभी बनेगा। उन्होंने कहा कि भारत युवाओं का देश है। हमारी सरकार युवा शक्ति के सृजन, उनके सशक्तीकरण और उन्हें बराबर के अवसर देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। आज 'मुद्रा योजना', 'स्टार्टअप इंडिया' और 'स्टैंडअप इंडिया' जैसी तमाम महत्वाकांक्षी योजनाओं के माध्यम से युवाओं के लिए नये अवसरों का सृजन किया जा रहा है ताकि उनके लिए नए आयाम खड़े हो सकें। वे देश की अर्थव्यवस्था को आगे बढ़ाकर तरक्की में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएं।
श्री शेखावत ने सर्किट हाउस में जनसुनवाई भी की और इस दौरान उन्होंने कहा कि जब कभी भी वे अपने गृह नगर जोधपुर आते हैं तो यहां के लोगों से मिलना, उनकी जनसुनवाई करना, उनकी समस्याओं को सुनना और उनके विषयों का समाधान करना उनके दिनभर के स्वाभाविक कार्यक्रम की प्रक्रिया का हिस्सा है। एक जनप्रतिनिधि होने के नाते यह उनका परम दायित्व है कि वे अपनी जनता के बीच रहकर उनके काम करें और वे केवल अपने इसी दायित्व की पूर्ति कर रहे हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित