श्रीगंगानगर , अगस्त 01 -- राजस्थान किसान आयोग के अध्यक्ष एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री सीआर चौधरी के शुक्रवार को श्रीगंगानगर आगमन पर ट्रेडर्स एसोसिएशन सभागार में आयोजित किसान संवाद कार्यक्रम में स्थानीय किसानों और जनप्रतिनिधियों ने आयोग के समक्ष जिले की गंभीर कृषि समस्याएं रखीं।
सादुलशहर पंचायत समिति के सदस्य एवं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता डॉ. बृजमोहन सहारण ने किसानों की प्रमुख मांगों को विस्तार से सामने रखा और उनके व्यावहारिक समाधान भी सुझाए। डॉ. सहारण ने सबसे पहले नहरी सिंचाई की समस्या को उठाया। उन्होंने कहा कि जिले में नहरी पानी की भारी कमी किसानों के लिए बड़ी चुनौती बनी हुई है। गंगनहर में पंजाब की ओर से पानी की चोरी रोकने के पारंपरिक प्रयासों के बजाय राजस्थान-पंजाब सीमा पर स्थित खखां हेड पर निर्धारित हिस्से का पानी सही तरीके से नापकर लिया जाना चाहिए।
उन्होंने पंजाब से आ रहे पानी में जहरीले तत्वों और भारी धातु की जांच की भी मांग की। डॉ. सहारण ने बताया कि राज्य में अब तक ऐसी कोई प्रयोगशाला सुविधा उपलब्ध नहीं है, जो पानी में भारी धातुओं की नियमित जांच कर सके। उन्होंने आयोग से अनुरोध किया कि इस दिशा में ठोस व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
किसानों द्वारा अपने खेतों में बनाई गई डिग्गियों के अनुदान का भुगतान न होना एक और बड़ी शिकायत थी। डॉ. बृजमोहन ने कहा कि कई किसानों को अब तक डिग्गी निर्माण का अनुदान नहीं मिला है, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति प्रभावित हो रही है।
प्राकृतिक और जैविक खेती को बढ़ावा देने की बात करते हुए उन्होंने स्पष्ट किया कि शुरुआती वर्षों में किसानों को घाटा उठाना पड़ता है। देसी गाय रखना और गोबर खाद का इस्तेमाल जरूरी है। इसलिए सरकार को ऐसे किसानों को विशेष अनुदान देना चाहिए और उनके उत्पादों की बिक्री के लिए सुनिश्चित बाजार व्यवस्था भी बनानी चाहिए।
गेहूं सहित अन्य फसलों की न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर पूरी खरीद संभव न होने की स्थिति में डॉ. सहारण ने एक महत्वपूर्ण सुझाव देते हुए कहा कि सरकार पूरी खरीद नहीं कर पाती तो बाजार भाव और एमएसपी के बीच के अंतर की राशि सीधे किसान को दी जानी चाहिए, ताकि किसानों को उचित मूल्य मिल सके।
श्री चौधरी ने डॉ. सहारण और अन्य जागरूक किसानों द्वारा दिए गए सभी सुझावों को लिखा। उन्होंने आश्वासन दिया कि इन मुद्दों पर राज्य सरकार के स्तर पर चर्चा कर समाधान निकालने का प्रयास किया जाएगा।
कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष शरणपालसिंह, स्थानीय जनप्रतिनिधि और व्यापारी नेता भी मौजूद रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित