बारां , दिसम्बर 10 -- राजस्थान में भारतीय किसान संघ ने बुधवार को बारां जिला कलेक्टर को ज्ञापन देकर समर्थन मूल्य पर सोयाबीन की खरीद की मात्रा बढ़ाने मांग की।

किसान पदाधिकारियों ने कहा कि किसान के बोए गए आधे रकबे को 50 प्रतिशत खराबा मानकर हर किसान के आधे रकबे की ही खरीद की जा रही है। इसके साथ ही सोयाबीन की मात्रा को भी औसत उत्पादन का आधा ही खरीदा जा रहा है। खरीद मात्रा के निर्धारण में रही राजकीय त्रुटि का नुकसान किसानों को झेलना पड़ रहा है इसे ठीक किया जाए।

किसान संघ के प्रांत अध्यक्ष शंकरलाल नागर ने बताया कि इस वर्ष मौसम की मार से किसानों की हालत खराब है। खाद बीज की व्यवस्था भी भारी पड़ रही है। समर्थन मूल्य पर जिले में सोयाबीन की खरीद की मात्रा के अविवेकपूर्ण निर्णय से किसानों के साथ अन्याय किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि औसत उत्पादन को आधार मानकर आधा खराबा मानते हुए रकबे का आधा कर दिया गया है। वहीं दूसरी ओर औसत उत्पादन को भी कम करके प्रति हेक्टेयर नौ क्विंटल 88 किलो खरीद किया जा रहा है जो संपूर्ण रकबे का 25 प्रतिशत ही है। भारतीय किसान संघ कि मांग है कि संपूर्ण रकबे का औसत उत्पादन जो 50 प्रतिशत कम माना गया है उसके आधार पर खरीद की जावे । किसान संघ के प्रतिनिधिमंडल को जिला कलेक्टर ने इस वाजिब मांग पर इस त्रृटि को ठीक करवाने का आश्वासन दिया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित