हनुमानगढ़ , अगस्त 19 -- राजस्थान में हनुमानगढ़ में भारतीय किसान संघ की जिला इकाई ने बुधवार को जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर खरीफ फसल की खरीद एक अक्टूबर से शुरू करने की मांग की है।
किसान संघ के जिला पदाधिकारियों ने बताया कि जिले के किसान हर वर्ष एक ही समस्या से जूझते हैं। खरीफ फसल कटने के बाद बाजार में भाव गिर जाते हैं और सरकारी खरीद नवंबर में शुरू होती है। तब तक किसान अपनी मूंग और मूंगफली औने-पौने दामों पर व्यापारियों को बेच चुके होते हैं।
किसान संघ ने कहा कि फसल सितंबर में ही तैयार हो जाती है। अगर सरकारी खरीद केंद्र अक्टूबर के पहले सप्ताह से खुल जाएं तो किसान अपनी उपज न्यूनतम समर्थन मूल्य पर बेच सकते हैं। नवम्बर तक इंतजार करने पर मंडियों में भाव न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) से काफी नीचे चले जाते हैं और किसानों को मजबूरन सस्ता बेचना पड़ता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित