सांगली , अक्टूबर 24 -- महाराष्ट्र सरकार की कथित किसान विरोधी नीतियों से नाराज स्वाभिमानी शेतकरी संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व सांसद राजू शेट्टी ने शनिवार को सांगली जिले में पलूस (भिलवाड़ी तालुका) के कृष्णा नदी के पूरी तरह सूखे पड़े पाट में पार्टी कार्यकर्ताओं और किसानों के साथ बैठकर 'धरना आंदोलन' शुरू कर दिया है।
वह कृष्णा नदी बेसिन में कोयना बांध से पानी रोकने के जल संसाधन विभाग के फैसले का विरोध कर रहे हैं। उन्होंने राज्य सरकार को चेतावनी दी है कि जब तक किसानों को उनका हक का पानी नहीं मिल जाता, तब तक वे नदी के पाट से नहीं हटेंगे। सूखे पड़े नदी के पाट में धरना प्रदर्शन शुरू करते हुए श्री राजू शेट्टी ने कहा, "कोयना बांध में 89 टीएमसी का विशाल उपयोगी जल भंडार होने के बावजूद राज्य सरकार कृष्णा और कोयना नदी घाटियों में पानी छोड़ने में आनाकानी कर रही है।"प्रदर्शन स्थल से बोलते हुए श्री शेट्टी ने सरकार पर गंभीर आरोप लगाए कि खेतों में गन्ने की फसल सुखाकर गन्ना किसानों का मनोबल तोड़ने और चीनी मिलों को जल्दी शुरू कराने के मकसद से यह गंभीर जल संकट जानबूझकर पैदा किया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित