चंडीगढ़ , सितंबर 03 -- चंडीगढ़-मोहाली बॉर्डर पर चल रहे किसान मोर्चे के तीसरे दिन गुरुवार को संयुक्त किसान मोर्चा (एसकेएम) के वरिष्ठ नेताओं ने बैठक कर आंदोलन की अगली रणनीति तैयार की। किसान नेताओं ने पंजाब सरकार की ओर से अब तक बातचीत के लिए पहल नहीं किए जाने पर नाराजगी जताई।

किसान नेता हरिंदर सिंह लखोवाल ने कहा कि राज्य सरकार ने अभी तक मोर्चे के नेताओं से कोई बातचीत नहीं की है। उन्होंने बताया कि चंडीगढ़ प्रशासन की ओर से गुरुवार दोपहर 2:30 बजे किसान नेताओं के साथ बैठक की जा रही है।

श्री लखोवाल ने आरोप लगाया कि मोहाली प्रशासन ने मोर्चे में पहुंचे किसानों के लिए बिजली, पानी और शौचालय जैसी बुनियादी सुविधाओं का उचित इंतजाम नहीं किया है। उन्होंने कहा कि मच्छरों से बचाव के लिए फॉगिंग की व्यवस्था भी नहीं की गई।

किसान नेता ने राज्य सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि सरकार संयुक्त किसान मोर्चा से संपर्क कर किसानों की मांगों के समाधान की दिशा में ठोस कदम नहीं उठाती है, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। किसान नेताओं ने बैठक में आगे की रणनीति पर भी चर्चा की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित