उज्जैन , मई 08 -- मध्यप्रदेश में जिला किसान कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष पर की गई जिला बदर कार्रवाई के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आज उज्जैन में धरना प्रदर्शन कर प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। धरना प्रदर्शन का नेतृत्व धर्मेंद्र चौहान, विधायक एवं जिला कांग्रेस अध्यक्ष महेश परमार तथा शहर कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश भाटी ने किया।

कांग्रेस नेताओं ने कलेक्टर को सौंपे ज्ञापन में कहा कि जिला किसान कांग्रेस अध्यक्ष अशोक जाट किसानों के अधिकारों के लिए संघर्ष करने वाले नेता हैं। उनके खिलाफ दर्ज प्रकरण आंदोलन और चक्काजाम जैसी गतिविधियों से जुड़े हैं, जो वर्तमान में न्यायालय में विचाराधीन हैं।

ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि प्रशासन ने राजनीतिक द्वेष भावना से एकतरफा कार्रवाई करते हुए जिला बदर का आदेश जारी किया है। कांग्रेस ने इस आदेश को तत्काल निरस्त करने की मांग की।

प्रदेश किसान कांग्रेस अध्यक्ष धर्मेंद्र चौहान ने चेतावनी दी कि यदि किसान नेताओं पर इस प्रकार की कार्रवाई जारी रही तो कांग्रेस प्रदेशभर में आंदोलन करेगी। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी ऐसी कार्रवाई होने पर जिला ग्रामीण और शहर कांग्रेस कमेटी लगातार आंदोलन करेगी।

धरना प्रदर्शन सुबह 11 बजे शुरू हुआ और दोपहर लगभग सवा एक बजे तक चला। इस दौरान इंदौर के वरिष्ठ नेता अश्विन जोशी के निधन का समाचार मिलने पर कार्यक्रम समय से पहले समाप्त कर दिया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित