श्रीगंगानगर , मार्च 08 -- राजस्थान में हनुमानगढ़ में किसान नेता कामरेड मंगेज चौधरी और अन्य नेताओं की गिरफ्तारी के विरोध में रविवार को नौजवान सभा और सीटू के कार्यकर्ताओं ने डबली राठान पुलिस चौकी पर प्रदर्शन किया और प्रशासन को ज्ञापन सौंपा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार किसान नेता कामरेड मंगेज चौधरी मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से कानून व्यवस्था के मुद्दे पर बातचीत करने और अपना विरोध दर्ज कराने हनुमानगढ़ आ रहे थे। इसी दौरान पुलिस ने उन्हें टिब्बी तहसील में ही हिरासत में ले लिया। उनको थाने में ही रखा गया है।
प्रदर्शन के दौरान एडवोकेट रघुवीर वर्मा ने प्रशासन की कार्रवाई को 'लोकतांत्रिक अधिकारों पर हमला' करार दिया। उन्होंने कहा-मुख्यमंत्री के दौरे के नाम पर पूरे जिले में अफरा-तफरी का माहौल है। पुलिस प्रशासन आम जनता और कर्मचारियों को परेशान किया गया, जबकि सरकार जनता की असली मांगों की तरफ आंखें मूंद कर बैठी है।
कामरेड नेताओं ने आरोप लगाया कि फेफाना, नोहर, गोगामेड़ी, गोलूवाला और भादरा सहित पूरे जिले में अराजकता की स्थिति बनी हुई है। जनता अपनी मांगों को लेकर धरने दे रही है, लेकिन सरकार उनकी बात सुनने के बजाय दमनकारी नीति अपना रही है।कार्यकर्ताओं ने दो टूक शब्दों में चेतावनी दी है कि यदि कामरेड मंगेज चौधरी और अन्य नेताओं को तुरंत रिहा नहीं किया गया, तो आने वाले दिनों में आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित