भिण्ड , अक्टूबर 12 -- मध्यप्रदेश के भिण्ड में एक किसान को कथित रूप से हनी ट्रैप में फंसाकर ब्लैकमेल करने और चार लाख रुपये मांगने के मामले में पुलिस ने एक महिला और उसके साथी को गिरफ्तार किया है। आरोपियों को 50 हजार रुपये की पहली किस्त लेते समय पकड़ा गया। मामले में दो अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, हरनाथपुरा निवासी 53 वर्षीय किसान ने 10 अक्टूबर को भिण्ड देहात थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि बेबी जाटव ने किसान का अश्लील वीडियो बना लिया और विश्ववीर राजावत के साथ मिलकर उसे ब्लैकमेल करने लगी। आरोपियों ने वीडियो प्रसारित करने तथा दुष्कर्म और अनुसूचित जाति-जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम के तहत झूठे मामले में फंसाने की धमकी देकर चार लाख रुपये मांगे।

पुलिस ने आरोपियों को पकड़ने के लिए दल गठित किया। इसके बाद 11 अक्टूबर को सर्किट हाउस के पास 50 हजार रुपये की पहली किस्त लेने पहुंचे बेबी जाटव और विश्ववीर राजावत को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है।

पुलिस के अनुसार, मामले में ममता बघेल और बबलू उपाध्याय के नाम भी सामने आए हैं। दोनों को मई में हनी ट्रैप के एक अन्य मामले में गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। अब पुलिस उनकी तलाश कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि गिरोह ने अन्य लोगों को भी निशाना बनाया है या नहीं।

पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार वर्मा ने बताया कि हनी ट्रैप और ब्लैकमेलिंग के मामलों में लोगों को डरने के बजाय तत्काल नजदीकी थाने में शिकायत करनी चाहिए। पुलिस के अनुसार, जिले में चार महीने के भीतर इस तरह का यह दूसरा मामला सामने आया है। इससे पहले मई में एक 60 वर्षीय किसान से सात लाख रुपये मांगने का मामला सामने आया था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित