रायगढ़ , मार्च 09 -- छत्तीसगढ़ में रायगढ़ जिले के छोटे से गांव संबलपुरी के रहने वाले अजय गुप्ता ने देश की सबसे प्रतिष्ठित परीक्षा संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) में सफलता हासिल कर अपने परिवार, गांव और पूरे जिले का नाम रोशन किया है। किसान परिवार में जन्मे अजय ने यूपीएससी परीक्षा में ऑल इंडिया रैंक 452 प्राप्त कर उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है।

अजय की इस सफलता से उनके गांव संबलपुरी सहित पूरे क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है। साधारण किसान परिवार से आने वाले अजय ने कड़ी मेहनत, अनुशासन और दृढ़ संकल्प के दम पर यह मुकाम हासिल किया है। उन्होंने बताया कि यह सफलता उन्हें लगातार मेहनत, परिवार के सहयोग और शिक्षकों के मार्गदर्शन से मिली है।

अजय ने अपनी उपलब्धि का श्रेय अपने माता-पिता, परिवार के सदस्यों, मित्रों और मार्गदर्शकों को दिया। उनका कहना है कि हर परिस्थिति में परिवार ने उनका हौसला बढ़ाया, जिससे वे अपने लक्ष्य पर डटे रहे और अंततः सफलता हासिल कर सके। उन्होंने युवाओं को संदेश देते हुए कहा कि यदि सही दिशा में धैर्य, लगन और निरंतर मेहनत के साथ प्रयास किया जाए तो सफलता अवश्य मिलती है। कठिन परिस्थितियां इंसान को और मजबूत बनाती हैं और लक्ष्य के प्रति समर्पण ही सफलता की असली कुंजी है।

अजय के सोमवार को घर पहुंचने पर उनका भव्य स्वागत किया गया। रेलवे स्टेशन पर परिवार, दोस्तों और गांव के लोग बड़ी संख्या में पहुंचे और बाजे-गाजे एवं फूलमालाओं के साथ उनका स्वागत किया। इस दौरान पूरे क्षेत्र में उत्साह और खुशी का माहौल देखने को मिला।

ग्रामीणों और परिचितों ने अजय की इस उपलब्धि पर उन्हें बधाई और शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उन्होंने पूरे गांव और जिले का नाम रोशन किया है। सभी ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उम्मीद जताई कि वे प्रशासनिक सेवा में रहकर समाज और देश के लिए बेहतर कार्य करेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित