बारां , सितम्बर 17 -- राजस्थान में भारतीय किसान संघ की ओर से कृषि देवता भगवान बलराम की जयंती गुरुवार को धूमधाम से मनायी गयी।

धानमंडी में आयोजित कार्यक्रम में जिलेभर से किसान कार्यकर्ता शामिल हुए। वक्ताओं ने भगवान बलराम के जीवन से प्रेरणा लेते हुए गैर राजनीतिक रहकर किसान हित में संगठनात्मक कार्य करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम की शुरुआत भगवान बलराम की पूजा-अर्चना से हुई। जिलाध्यक्ष अमृत छजावा ने भगवान बलराम के जीवन चरित्र पर प्रकाश डाला। मुख्य अतिथि प्रदेश जैविक प्रमुख प्रहलाद नागर (बूंदी) ने किसानों को जहरमुक्त जैविक खेती अपनाने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि भूमि निर्जीव नहीं, बल्कि सजीव है उसका स्वास्थ्य बनाये रखना किसान की जिम्मेदारी है। भूमि के बिगड़ते स्वास्थ्य के कारण कई गंभीर बीमारियां बढ़ रही हैं, ऐसे में जैविक खेती को बढ़ावा देना आवश्यक है।

कार्यक्रम में जैविक खेती करने वाले किसानों का सम्मान किया गया।

कार्यक्रम के बाद किसान वाहन रैली के रूप में नारेबाजी करते हुए हॉस्पिटल, धर्मादा चौराहा, प्रताप चौराहा और चारमूर्ति चौराहा होते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचे , जहां किसानों ने मुख्यमंत्री एवं प्रधानमंत्री के नाम मांगों का ज्ञापन सौंपा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित