चंद्रपुर , जून 27 -- महाराष्ट्र के चंद्रपुर जिले में कथित अंतरराष्ट्रीय किडनी बिक्री रैकेट की जांच में शनिवार को उस समय एक नया मोड़ आया जब पुलिस ने अवैध ढंग से लोगों को अत्यधिक ऊंची ब्याज दर पर कर्ज देने के आरोपी व्यवसायी और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के एक कार्यकर्ता के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया।
अधिकारियों ने बताया कि पुलिस ने भाजपा कार्यकर्ता दिवाकर निकुरे के खिलाफ अवैध साहूकारी का मामला दर्ज किया है। उस पर आरोप है कि उसने एक किसान से इतना अधिक ब्याज वसूला कि किसान को अपनी किडनी बेचनी पड़ी।
पुलिस ने बताया कि वित्तीय जांच में निकुरे और नागभीड़ तहसील के मिंथुर गांव के एक किसान रोशन कुले के बीच लगभग आठ लाख रुपये के लेनदेन का खुलासा होने के बाद यह मामला दर्ज किया गया। आरोप है कि रोशन कुले ने कर्ज चुकाने के लिए कंबोडिया में अपनी एक किडनी बेची थी। यह प्राथमिकी 'महाराष्ट्र अत्यधिक ब्याज वसूलने पर रोक अधिनियम' के तहत दर्ज की गयी है। पुलिस ने कहा कि निकुरे ने स्थानीय अदालत से अंतरिम जमानत ले ली है और उन्हें जांच में सहयोग करने का निर्देश दिया गया है।
इस नयी कार्रवाई के साथ ही इस मामले के संबंध में अवैध साहूकारी के लिए नामजद किए गए लोगों की संख्या बढ़कर सात हो गयी है। किडनी बिक्री का यह रैकेट तब सामने आया था जब कुले ने आरोप लगाया कि निजी साहूकारों के बढ़ते कर्ज को चुकाने के लिए उन्हें विदेश में अपनी किडनी बेचने के लिए मजबूर होना पड़ा था। इस मामले ने बाद में एक कथित अंतरराज्यीय और अंतरराष्ट्रीय अंग तस्करी नेटवर्क का पर्दाफाश किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित