नैनीताल/देहरादून , जनवरी 20 -- किसान सुखवंत सिंह आत्महत्या प्रकरण में विशेष अन्वेषण दल (एसआईटी) ऊधम सिंह नगर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) मणिकांत मिश्रा समेत कुल पांच पुलिस अधिकारियों से पूछताछ करेगी। पांचों को नोटिस जारी किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार जिन अधिकारियों को नोटिस जारी किया गया है उनमें एसएसपी के अलावा ऊधमसिंह नगर के तीन उपनिरीक्षक एवं एक अपर उपनिरीक्षक शामिल है। उपरोक्त पांचों को सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो के आधार पर नोटिस जारी किया गया है। नोटिस में सभी को पूछताछ एवं बयान दर्ज कराने हेतु बुलाया गया है।
इसके अलावा एसआईटी की ओर से धोखाधड़ी के आरोपों की पुष्टि के लिए रजिस्ट्रार, तहसील कार्यालय और संबद्ध बैंकों को भी नोटिस जारी किया गया है ताकि मृतक के साथ भूमि खरीद के नाम पर धोखाधड़ी के आरोपों के संबंध में पुष्टि हो सके। एसआईटी टीम इन संस्थानों से प्राप्त अभिलेखों के आधार पर लेन-देन एवं दस्तावेजों की सत्यता की जांच करेगी।
इसी के साथ ही एसआईटी टीम की ओर से घटनाक्रम से संबंधित अभिलेखों को भी कब्जे में लेकर उनका परीक्षण किया जा रहा है। विशेषज्ञों की एक टीम द्वारा तकनीकी सर्विलांस के माध्यम से काल डिटेल, सीसीटीवी, डिजिटल साक्ष्य एवं अन्य तकनीकी तथ्यों का निरंतर विश्लेषण किया जा रहा है।
गौरतलब है कि गत 10 जनवरी को किसान सुखवंत सिंह ने खुद को गोली मारकर काठगोदाम के एक होटल में कथित रूप से आत्महत्या कर ली थी। साथ ही मरने से पहले एक वीडियो जारी कर ऊधमसिंह नगर के एसएसपी मणिकांत मिश्रा समेत अन्य पुलिस अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाये थे। इनमें से दो उप निरीक्षकों को पुलिस महकमे की ओर से निलंबित किया गया है जबकि बाकी को लाइन हाजिर करने के निर्देश दिए गए हैं। सभी आरोपियों को चमोली और गोपेश्वर स्थानांतरित किया गया है।
इस प्रकरण की जांच के लिए पुलिस मुख्यालय से एसआईटी के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) नीलेश आनंद भरणे की अगुवाई में एक पांच सदस्यीय कमेटी का गठन किया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित