देहरादून , जनवरी 15 -- उत्तराखंड के उधमसिंह नगर जिले में किसान आत्महत्या मामले में कांग्रेस पार्टी ने शुक्रवार को देहरादून में सुभाष रोड स्थित पुलिस मुख्यालय का घेराव करने एलान किया है।
पार्टी के प्रदेश महामंत्री संगठन राजेंद्र भंडारी ने गुरुवार को पार्टी प्रदेश कार्यालय में मौजूद पत्रकारों को बताया कि उधमसिंह नगर में किसान के आत्महत्या किए जाने का मामला काफी गंभीर है। वहां के किसान सुखवंत सिंह ने चार करोड रुपए की वित्तीय धोखाधड़ी होने के बाद आत्महत्या करके अपनी जान दे दी, जिसके बाद से यह मामला लगातार बढ़ता जा रहा है।
उन्होंने बताया कि उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने आज आह्वान किया है कि कल सभी कांग्रेसी इस गंभीर विषय पर राज्य के पुलिस मुख्यालय का घेराव करेंगे, और राज्य के पुलिस महानिदेशक से मुलाकात करके उन्हें एक ज्ञापन सौंपेंगे।
कांग्रेसी उस प्रत्यावेदन में यह मांग उठाएंगे कि किसान के आत्महत्या मामले पर अभी तक जिस प्रकार की कार्रवाई होनी चाहिए थी, उस दिशा में अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है। लिहाजा वहां के एसएसपी के खिलाफ निलंबन की जब तक कार्रवाई नहीं की जाती है तब तक कांग्रेसी इस मुद्दे को उठाते रहेंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित