पांढुर्णा , अक्टूबर 16 -- मध्यप्रदेश के पांढुर्णा में किसान आंदोलन के मद्देनजर शनिवार, 17 अक्टूबर को सुबह छह बजे से रात 12 बजे तक शहर में भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। जिला प्रशासन और यातायात पुलिस ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा यातायात सुचारु रखने के लिए यह व्यवस्था की है।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, किसान जगनाडे चौक पर प्रदर्शन करेंगे और वहां से जुलूस के रूप में तीन शेर चौक तथा शिवाजी चौक होते हुए कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपेंगे। इन मार्गों पर यातायात प्रभावित होने की आशंका को देखते हुए वाहन चालकों से वैकल्पिक मार्ग अपनाने की अपील की गई है।
छिंदवाड़ा और नागपुर की ओर से आने वाले भारी वाहन मोरडोंगरी बायपास और तिगांव होते हुए अमरावती की ओर जाएंगे। अमरावती से आने वाले भारी वाहन वाड़ेगांव और तिगांव के रास्ते नागपुर तथा छिंदवाड़ा की ओर जा सकेंगे। भोपाल रोड से पांढुर्णा शहर में भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
बसों और टैक्सियों को वैकल्पिक बायपास मार्गों से शहर में प्रवेश दिया जाएगा। दूध, सब्जी, फल, एंबुलेंस, दमकल और दवाइयों जैसी आवश्यक सेवाओं के वाहनों को प्रतिबंध से छूट रहेगी। यातायात पुलिस ने वाहन चालकों और परिवहन संघों से निर्धारित मार्गों का पालन करने तथा नियमों का उल्लंघन नहीं करने की अपील की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित