भोपाल , मार्च 26 -- मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में प्रदेश तेजी से विकास कर रहा है और सरकार का लक्ष्य किसान, गरीब, महिला और युवा सहित सभी वर्गों का कल्याण करना है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने छिंदवाड़ा जिले को 500 करोड़ रुपए से अधिक लागत के 105 विकास कार्यों की सौगात दी। इनमें तामिया-जुन्नारदेव मार्ग, नल जल योजना, पुलिस आवास, विद्यालय भवन और छात्रावास सहित विभिन्न निर्माण कार्यों का लोकार्पण शामिल है। साथ ही छिंदवाड़ा विश्वविद्यालय के लिए नए भवन के निर्माण की घोषणा भी की गई।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में किसानों को सालाना 12 हजार रुपए की सम्मान निधि दी जा रही है और लाड़ली बहना योजना के तहत महिलाओं को हर माह 1500 रुपए प्रदान किए जा रहे हैं। वर्ष 2026 को कृषक कल्याण वर्ष घोषित कर किसानों की आय बढ़ाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने सिंगल क्लिक के माध्यम से 7008 श्रमिकों के खातों में संबल योजना के तहत 157 करोड़ रुपए अंतरित किए। इसके साथ ही सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के 55 लाख से अधिक हितग्राहियों को 463 करोड़ रुपए की राशि भी जारी की गई।

उन्होंने कहा कि किसानों को पारंपरिक खेती के साथ पशुपालन, दुग्ध उत्पादन, मत्स्य पालन, उद्यानिकी और खाद्य प्रसंस्करण अपनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है, जिससे उनकी आय बढ़ सके। मुख्यमंत्री ने महाअष्टमी के अवसर पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के धार्मिक और पर्यटन स्थलों के विकास पर भी विशेष ध्यान दे रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित