गोरखपुर , नवंबर 01 -- उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को प्रदेश के अन्नदाता किसानों को आश्वस्त किया कि चक्रवात के कारण असमय बरसात, अतिवृष्टि और ओलावृष्टि से हुए नुकसान की भरपाई सरकार पैकेज लाकर करेगी।

श्री योगी ने आज गोरखपुर के चौरीचौरा में 59.44 करोड़ रुपये से बने भोपा बाजार (समपार संख्या 147बी) रेल ओवरब्रिज का उद्घाटन करने के साथ ही 287.56 करोड़ रुपये की लागत वाली कुल 84 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास करने के बाद जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि हमने इसका मुआवजा तो दिया है, लेकिन मैं मानता हूं कि यह नाकाफी है।

उन्होंने कहा कि अन्नदाता किसान को जो नुकसान हुआ है, डबल इंजन की सरकार उसकी पूरी भरपाई करने का काम करेगी। सभी जिला प्रशासन को निर्देश दिया गया है कि पूरा सर्वे कर लीजिए, तात्कालिक मुआवजा दीजिए। हम एक नया पैकेज अन्नदाता किसानों के लिए लाएंगे, जिसके माध्यम से किसानों को हुए नुकसान की भरपाई की जाएग।

उन्होंने समाजवादी पार्टी (सपा) पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि सपा ने अपनी सरकार में उत्तर प्रदेश को अपराध का गढ़ बना दिया था। सपा सरकार अपराध बढ़ाती थी, जबकि डबल इंजन की भाजपा सरकार ने उत्तर प्रदेश को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में अग्रसर किया। सपा सरकार लूटपाट करने को बदमाश पालती थी, जबकि भाजपा सरकार ने विकास के जरिये बदलाव करके दिखा दिया है। उत्तर प्रदेश अब पतन और शोषण की नहीं, प्रगति व संस्कृति की धरती बन गई है। अब यहां कर्फ्यू, उपद्रव या दंगा नहीं, उत्सव होता है। अखिलेश यादव के समय बाहरी लोग यूपी का नाम सुनकर सौ कोस दूर भागते थे। आज यूपी वालों की आवभगत व सम्मान किया जाता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन्होंने उत्तर प्रदेश के सामने पहचान, सुरक्षा का संकट खड़ा किया था, जिन्होंने युवाओं के रोजगार और नौकरी पर डकैती डाली थी, किसानों के चेहरे की खुशहाली छीनी थी, गरीबों के हकों पर डकैती डाली थी, ऐसे गिरगिटों से सावधान रहने की आवश्यकता है। हमें प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में विकास की धारा को आगे बढ़ाना है।

उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचारियों को मोदी सरकार से परेशानी हो रही है। सड़कों पर अराजकता पैदा करने वाले दरअसल गरीबों के खिलाफ माहौल बना रहे हैं, क्योंकि मोदी जी ने गरीबों के चेहरों पर खुशहाली लाने का काम किया, उनका उत्थान किया। अराजकता फैलाने वाले लोग किसान, महिला और भारत की सुरक्षा के विरोधी हैं। ये नक्सलवाद, आतंकवाद और अलगाववाद के समर्थक हैं। हमें इन भ्रष्टाचारी तत्वों को अराजकता फैलाने की छूट नहीं देनी है। इनके खिलाफ निर्णायक लड़ाई लड़ने की तैयारी भी करनी होगी। दुष्प्रचार का मुकाबला करने के लिए आमजन को खड़ा होना पड़ेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित