पटना , जुलाई 10 -- बिहार के कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने शुक्रवार कहा कि प्रदेश में उर्वरकों की उपलब्धता एवं वितरण व्यवस्था पर विभाग लगातार निगरानी रखे हुए है और किसानों को समय पर उर्वरक उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता में शामिल है।

श्री सिन्हा ने राज्य में उर्वरकों की उपलब्धता को लेकर सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रही विभिन्न खबरों के मद्देनज़र कृषि विभाग के सभी पदाधिकारियों के साथ आज समीक्षा बैठक की और आवश्यक दिशा निर्देश दिए।

इस बैठक के दौरान राज्य में उपलब्ध उर्वरकों के वर्तमान स्टॉक एवं वितरण व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की गई। समीक्षा में बताया गया कि राज्य में किसानों की आवश्यकता के अनुरूप पर्याप्त मात्रा में उर्वरकों का स्टॉक उपलब्ध है तथा विभिन्न जिलों में नियमित रूप से आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है।

मंत्री ने किसानों से अपील की है कि वह उर्वरक खरीदते समय रसीद अवश्य लें और यदि कोई विक्रेता अधिक मूल्य वसूलता है तो इसकी सूचना तुरंत जिला कृषि पदाधिकारी कार्यालय या विभागीय हेल्पलाइन नंबर- 0612-2233555 एवं व्हाट्सऐप नं. 7766085888 पर दें, जिससे समय पर कार्रवाई संभव हो सके और किसानों के अधिकारों की रक्षा की जाये। उन्होंने कहा कि यदि कोई किसान लिखित शिकायत या आवेदन करेंगे तो त्वरित जाँच कराकर कार्रवाई होगी। उन्होंने कहा कि किसान किसी प्रकार के भ्रामक प्रचार से दूर रहें। सरकार उनके हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित