पटना , जून 20 -- बिहार के कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने शनिवार को कहा कि किसानों को बेहतर सिंचाई सुविधाएं उपलब्ध कराना तथा जलछाजन विकास के माध्यम से कृषि उत्पादन और उत्पादकता में वृद्धि करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।
कृषि मंत्री एवं कृषि विभाग के प्रधान सचिव की ओर से आज जलछाजन विकास घटक-प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना की प्रगति एवं क्रियान्वयन की विस्तृत समीक्षा की गई। समीक्षा बैठक में योजना के प्रभावी कार्यान्वयन, उपलब्ध राशि के समयबद्ध उपयोग तथा किसानों को अधिकाधिक लाभ पहुंचाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
श्री सिन्हा ने इस बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों की आवश्यकताओं एवं स्थानीय परिस्थितियों के अनुरूप कार्ययोजनाएं तैयार की जाएं तथा सिंचाई एवं जल संरक्षण से संबंधित योजनाओं का लाभ समय पर किसानों तक पहुंचाया जाए। उन्होंने विकास आयुक्त, बिहार की अध्यक्षता में अन्य विभागों, विशेषकर लघु जल संसाधन एवं ग्रामीण विकास विभाग से समन्वय स्थापित कर किसानों के हित से जुड़ी योजनाओं को शीघ्र स्वीकृति दिलाने और उनके प्रभावी क्रियान्वयन पर बल दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित