पटना , जून 10 -- बिहार के कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने बुधवार को कृषि विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों को बेहतर गुणवत्ता के बीज उपलब्ध कराने के उद्देश्य से राज्य में बीज विश्लेषण प्रयोगशालाओं की स्थापना एवं सुदृढ़ीकरण की प्रक्रिया में तेजी लाई जाए।

कृषि मंत्री श्री सिन्हा ने आज मीठापुर स्थित कृषि भवन में बीज विश्लेषण तथा राजकीय बीज गुणन प्रक्षेत्र से संबंधित कार्यों की समीक्षा बैठक की। बैठक में किसानों को गुणवत्तायुक्त एवं प्रमाणित बीज उपलब्ध कराने के लिए राज्य में संचालित योजनाओं एवं व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की गई।

श्री सिन्हा ने समीक्षा बैठक के दौरान कहा कि वर्तमान में राज्य सरकार की ओर से 31 जिला स्तरीय बीज विश्लेषण प्रयोगशालाओं की स्थापना को स्वीकृति प्रदान की जा चुकी है तथा इनके संचालन एवं सुदृढ़ीकरण की योजना प्रक्रियाधीन है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से यह भी जानकारी मांगी कि राज्य में बीज विश्लेषण प्रयोगशालाओं की स्थापना किस वित्तीय वर्ष में प्रारंभ की गई तथा इसके विस्तार की वर्तमान स्थिति क्या है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित