अलवर , जून 16 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता डॉ संजय जायसवाल मंगलवार को राजस्थान में अलवर में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित प्रबुद्ध जन सम्मेलन में शामिल हुए।

भाजपा कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत करते हुए डॉ. जायसवाल ने कहा कि कृषि विज्ञान केंद्र में जैविक एवं प्राकृतिक खेती को लेकर चर्चा हुई, जिसमें भूमि को स्वस्थ बनाये रखने पर विशेष जोर दिया गया।

उन्होंने कहा, "भूमि माता को स्वस्थ रखना हमारा दायित्व है, इसलिए किसानों को अधिक से अधिक जैविक खेती अपनानी चाहिए।"आयुष्मान भारत योजना का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की इस महत्वाकांक्षी योजना के तहत 70 वर्ष से अधिक आयु के लोगों को निशुल्क उपचार की सुविधा दी जा रही है। उन्होंने कहा कि देश का कोई भी पात्र नागरिक इस योजना का लाभ उठा सकता है।

बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबडी देवी द्वारा सरकारी आवास खाली नहीं करने के मुद्दे पर उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि यह तानाशाही मानसिकता का परिचायक है। उन्होंने आरोप लगाया कि अनुसूचित जाति वर्ग के विधायक को मंत्री बनाये जाने के बावजूद आवास खाली नहीं किया जा रहा है।

महंगाई के सवाल पर डॉ. जायसवाल ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों और कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव के कारण महंगाई पर असर पड़ा था, लेकिन अब हालात सामान्य हो रहे हैं और कच्चे तेल के दाम कम होने से महंगाई पर नियंत्रण की संभावना बढ़ी है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वर्ष 2047 तक विकसित भारत का जो सपना देखा है, उसे पूरा करने के लिए केंद्र सरकार लगातार काम कर रही है। इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने के सवाल पर उन्होंने कहा कि रेलवे नेटवर्क का अधिकांश हिस्सा विद्युतीकृत हो चुका है और केंद्र सरकार का लक्ष्य वर्ष 2030 तक देश में 30 प्रतिशत वाहनों को इलेक्ट्रिक आधारित बनाना है, ताकि डीजल और पेट्रोल पर निर्भरता कम की जा सके।

श्री जायसवाल ने दावा किया कि भारत वर्तमान में दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है और वैश्विक मंच पर मजबूत एवं आत्मविश्वासी राष्ट्र के रूप में अपनी पहचान स्थापित कर चुका है। उन्होंने कहा कि विकास, सुशासन, राष्ट्रीय सुरक्षा और वैश्विक नेतृत्व के क्षेत्र में देश ने अभूतपूर्व उपलब्धियां हासिल की हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित