भिवानी , अक्टूबर 17 -- हरियाणा में भिवानी प्रदेश की सिंचाई एवं जल संसाधन तथा महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रुति चौधरी ने जुई अनाज मंडी का औचक निरीक्षण कर बाजरे की खरीद व्यवस्था का जायजा लिया।
उन्होंने कहा कि किसानों को किसी प्रकार की चिंता करने की जरूरत नहीं है। किसान की मेहनत बेकार नहीं जाने दी जाएगी और भाजपा सरकार उनके हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने बताया कि सरकार ने बाजरे का भाव 2900 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया है। खरीद एजेंसी किसानों को 2300रुपये प्रति क्विंटल के हिसाब से भुगतान करेगी, जबकि भावांतर भरपाई योजना के तहत शेष 600 रुपये प्रति क्विंटल सीधे किसानों के खातों में भेजे जाएंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार 24 फसलों की खरीद न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर कर रही है। सुश्री चौधरी ने मार्केट कमेटी के अधिकारियों को निर्देश दिए कि मंडी में किसानों के लिए पीने के पानी, सफाई और अन्य बुनियादी सुविधाओं की उचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। किसानों और आढ़तियों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने टोकन कटवाने की प्रक्रिया सुचारू रखने के भी निर्देश दिए।
उन्होंने किसानों से सरकार की योजनाओं का लाभ उठाने और कृषि उपकरणों पर मिलने वाली सब्सिडी का फायदा लेने की अपील की। उन्होंने पराली न जलाने और उसका उचित प्रबंधन करने का आग्रह किया। साथ ही किसानों से अपनी फसल का पंजीकरण 'मेरी फसल मेरा ब्यौरा' पोर्टल पर करवाने को कहा ताकि वे सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकें। इस दौरान जुई मार्केट कमेटी के अध्यक्ष मेजर मीरसिंह ने बाजरे की खरीद और भुगतान प्रक्रिया की जानकारी दी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित