बारां , अक्टूबर 23 -- राजस्थान में कृषि विभाग ने कहा है कि राज्य सरकार किसानों को रबी सीजन में समय पर पर्याप्त मात्रा में उर्वरक उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है।

आधिकारिक सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में किसानों की आवश्यकताओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए उर्वरकों की उपलब्धता, आपूर्ति एवं वितरण की नियमित निगरानी की जा रही है। साथ ही किसानों को आश्वस्त किया गया है कि बारां जिले में यूरिया एवं डीएपी उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता है और आगामी दिनों में अतिरिक्त आपूर्ति भी सुनिश्चित की जा रही है।

सूत्रों ने बताया कि किसानों से आग्रह किया गया है कि वे उर्वरकों की खरीद के लिए अनावश्यक जल्दबाजी न करें और अपनी फसल की वास्तविक आवश्यकता के अनुसार ही उर्वरक खरीदें।

कृषि विभाग के संयुक्त निदेशक कृषि (विस्तार) राजेश विजय ने बताया कि रबी वर्ष 2026 के लिए अक्टूबर में बारां जिले की यूरिया की मांग 20 हजार टन और डीएपी की मांग 15 हजार टन निर्धारित की गई थी। इसके विरुद्ध जिले में अब तक 25 हजार 326 टन यूरिया एवं 12 हजार 344 टन डीएपी का वितरण' किया जा चुका है। इस प्रकार यूरिया का वितरण अक्टूबर की निर्धारित मांग से भी अधिक हो चुका है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित