फतेहाबाद , अगस्त 24 -- हरियाणा के सामाजिक न्याय, अधिकारिता, अनुसूचित जाति एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं अंत्योदय (सेवा) मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने कहा कि राज्य सरकार किसानों के हितों की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। अधिकारियों को संवेदनशीलता और प्राथमिकता के साथ कार्य करते हुए किसानों को सरकारी योजनाओं और सुविधाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
बेदी सोमवार को फतेहाबाद के जिला जनसंपर्क एवं शिकायत समिति भवन में आयोजित जिला जनसंपर्क एवं शिकायत समिति की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। बैठक में 13 शिकायतों पर सुनवाई हुई, जिनमें से नौ का मौके पर ही समाधान किया गया, जबकि चार मामलों में संबंधित अधिकारियों को कार्रवाई कर अगली बैठक में विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।
दैयड़ गांव के किसानों ने कपास फसल के बीमा दावों पर गलत आपत्तियां लगाए जाने से आर्थिक नुकसान की शिकायत की। बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त की अध्यक्षता वाली समिति की रिपोर्ट भी रखी गई। जिला राजस्व अधिकारी श्याम लाल ने बताया कि जिले के किसानों के 116.89 करोड़ रुपये के फसल बीमा दावे मंजूर हुए हैं, जिनमें से 68 करोड़ रुपये का भुगतान किया जा चुका है। 33 गांवों के किसानों को 23 जुलाई को 48 करोड़ रुपये जारी किए गए। करीब 30 लाख रुपये कुछ विसंगतियों और संबंधित किसानों की मृत्यु के कारण लंबित हैं, जिनका नियमों के अनुसार निपटारा किया जाएगा।
बारसिन गांव में जिला परिषद की सड़क के स्तर से जुड़ी शिकायत पर मंत्री ने शिकायतकर्ता की मौजूदगी में दोबारा निरीक्षण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी कमी को तुरंत दूर किया जाए।
बडोपाल में जल निकासी के लिए बिछाई गई पाइपलाइन की गुणवत्ता पर शिकायत के मामले में बताया गया कि खामियां मिलने पर ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई कर भुगतान रोक दिया गया है। मंत्री ने शेष कार्य निर्धारित मानकों और उच्च गुणवत्ता के साथ जल्द पूरा करने के निर्देश दिए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित