बैतूल , अप्रैल 06 -- जिले में किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर कांग्रेस ने आंदोलन की तैयारी तेज कर दी है। जिला संगठन महामंत्री बृजभूषण पांडे ने सोमवार को बताया कि किसानों के समर्थन में 9 अप्रैल को जिला मुख्यालय स्थित शिवाजी ऑडिटोरियम में सुबह 11 बजे से धरना-प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि इस दौरान कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता पीड़ित किसानों के साथ कलेक्टर को ज्ञापन सौंपेंगे। यह प्रदर्शन प्रदेश स्तर पर चल रहे कार्यक्रमों का हिस्सा है, जिसके तहत जिला मुख्यालयों पर किसानों की समस्याओं को लेकर आवाज उठाई जाएगी।
श्री पांडे ने कहा कि हाल ही में हुई ओलावृष्टि और अतिवृष्टि से जिले के किसान पहले ही नुकसान झेल चुके हैं, वहीं गेहूं खरीदी की तारीखों में लगातार बदलाव से उनकी परेशानियां बढ़ गई हैं। उन्होंने बताया कि खरीदी की शुरुआत पहले 23 मार्च से प्रस्तावित थी, जिसे बाद में 1 अप्रैल, फिर 10 अप्रैल और अब 15 अप्रैल तक बढ़ा दिया गया है।
कांग्रेस के अनुसार खरीदी शुरू नहीं होने के कारण किसान मजबूरी में अपनी उपज को मंडियों में कम दाम पर बेचने को विवश हैं, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सहकारी संस्थाओं से ऋण वसूली की अंतिम तिथि 31 मार्च तय किए जाने से कई किसान डिफाल्टर की श्रेणी में आ गए हैं।
इसके अलावा खाद की कमी, बिजली बिलों में अनियमितता, बिजली चोरी के कथित प्रकरण तथा नरवाई जलाने के मामलों में कार्रवाई को लेकर भी किसानों में असंतोष है। उन्होंने कहा कि न्यूनतम समर्थन मूल्य का लाभ नहीं मिल पाने से भी किसानों में आक्रोश व्याप्त है।
कांग्रेस ने इन सभी मुद्दों को लेकर सरकार पर दबाव बनाने का निर्णय लिया है। जिला संगठन महामंत्री ने पार्टी पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से अधिक से अधिक किसानों की भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित