पाली , जून 20 -- राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा है कि पीएम-किसान योजना किसानों के जीवन में आर्थिक सुरक्षा और स्थायित्व का मजबूत आधार बनकर उभरी है और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश का किसान आत्मनिर्भरता और समृद्धि की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।

श्री शर्मा ने पाली जिले के सुमेरपुर स्थित टाउन हॉल से वीसी के जरिये प्रधानमंत्री के कार्यक्रम से जुड़े और राज्य स्तरीय कार्यक्रम को संबोधित करते हुए यह बात कही। इस अवसर पर राजस्थान के 66 लाख से अधिक किसानों के खातों में भी एक हजार 320 करोड़ रुपये से अधिक की राशि पहुंची, जिससे प्रदेश के कृषि क्षेत्र को नई ऊर्जा और किसानों को आर्थिक संबल मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2019 में योजना प्रारंभ होने के बाद से अब तक देशभर के किसानों के खातों में 4.46 लाख करोड़ रुपये से अधिक की राशि हस्तांतरित की जा चुकी है। खरीफ सीजन की बुवाई के समय पर जारी की गई यह किस्त खेती से जुड़ी आवश्यकताओं को पूरा करने में सहायक साबित होगी। उन्होंने कहा कि श्री मोदी ने जन-धन, आधार और मोबाइल तंत्र के माध्यम से लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने की पारदर्शी व्यवस्था विकसित की है। इससे भ्रष्टाचार पर प्रभावी अंकुश तो लगा ही है साथ ही किसानों को भी बिना किसी बिचौलिये के समय पर सहायता राशि प्राप्त हो रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बीते 12 वर्षों में केंद्र सरकार ने बीज खरीद से लेकर बाजार तक किसानों के हित में अनेक ऐतिहासिक पहलें की हैं। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, पीएम-कुसुम योजना, मृदा स्वास्थ्य कार्ड, किसान क्रेडिट कार्ड, ई-नाम और नमो ड्रोन दीदी जैसी योजनाओं ने कृषि क्षेत्र को नई दिशा दी है। कृषि क्षेत्र के प्रति केंद्र सरकार की प्रतिबद्धता का ही परिणाम है कि कृषि बजट लगभग छह गुना बढ़कर 1.30 लाख करोड़ रुपये से अधिक हो गया है। राज्य सरकार ने किसान सम्मान निधि की राशि 6 हजार रुपये से बढ़ाकर 9 हजार रुपये कर दी है, जिससे लाखों किसानों को अतिरिक्त आर्थिक सहायता मिल रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित