भोपाल , जून 01 -- मध्यप्रदेश विधानसभा के पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने सीधी जिले के चुरहट क्षेत्र में पावर ट्रांसमिशन परियोजना के लिए किसानों की सहमति के बिना खेतों में टावर निर्माण किए जाने का आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से हस्तक्षेप की मांग की है।

श्री सिंह ने जारी बयान में कहा कि किसानों की सहमति के बिना उनके खेतों में टावर स्थापित करना गैर-कानूनी और किसानों के अधिकारों के विरुद्ध है। उन्होंने आरोप लगाया कि परियोजना से जुड़ी कंपनी के प्रतिनिधि किसानों के खेतों में प्रवेश कर फसलों को नुकसान पहुंचा रहे हैं तथा विरोध करने पर दबाव बना रहे हैं।

उन्होंने कहा कि इस संबंध में उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से चर्चा कर आग्रह किया है कि किसानों की सहमति और मुआवजे के मामलों का समाधान होने तक परियोजना के अंतर्गत टावर निर्माण कार्य तत्काल रोका जाए।

कांग्रेस नेता ने कहा कि किसान वर्तमान बाजार मूल्य के आधार पर नियमानुसार अधिक मुआवजे की मांग कर रहे हैं। उनका कहना है कि किसानों की मांगों पर उचित विचार किया जाना चाहिए और उनके साथ किसी प्रकार की मनमानी नहीं होनी चाहिए।

श्री सिंह ने कहा कि कांग्रेस किसानों के हितों के साथ खड़ी है और उनकी मांगों के समर्थन में संघर्ष करेगी। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसानों के अधिकारों की अनदेखी की गई तो क्षेत्र में व्यापक जन आंदोलन किया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित