बांदा , मई 18 -- उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने सोमवार को बांदा में आयोजित विभागीय समीक्षा बैठक में अधिकारियों को किसानों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर तत्काल निस्तारण करने तथा आपदा की स्थिति में किसानों को शीघ्र राहत उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उपमुख्यमंत्री ने जल संकट की स्थिति पर चिंता जताते हुए कहा कि जनजीवन मिशन के तहत बिछाई गई पाइप लाइनों को तत्काल दुरुस्त कराया जाए तथा पाइपलाइन डालने के दौरान क्षतिग्रस्त हुई सड़कों की मरम्मत भी जल्द कराई जाए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल समस्या का समाधान प्राथमिकता पर होना चाहिए।
विद्युत विभाग की समीक्षा करते हुए श्री मौर्य ने खराब ट्रांसफार्मरों को तत्काल बदलने, ढीले विद्युत तारों को ठीक कराने तथा शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने नरैनी समेत सभी पावर हाउसों की समस्याओं का शीघ्र समाधान कराने को भी कहा।
उपमुख्यमंत्री ने राजकीय मेडिकल कॉलेज की व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए कार्डियोलॉजी विभाग में विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा मेडिकल कॉलेज की आवश्यकताओं का डिमांड नोट तैयार कर शासन को तत्काल भेजने के निर्देश दिए।
उन्होंने लोक निर्माण और राजस्व विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि अभियान चलाकर चक मार्गों की समस्याओं का समाधान किया जाए तथा कमासिन-राजापुर मार्ग को प्राथमिकता के आधार पर दुरुस्त कराया जाए।
बैठक में उन्होंने पट्टे की जमीनों पर अवैध कब्जों की शिकायतों का तत्काल निस्तारण करने के भी निर्देश दिए। साथ ही गौचर भूमि को अतिक्रमण मुक्त कर वहां नेपियर घास लगाने को कहा, जिससे पशुओं के लिए चारे की समस्या का समाधान हो सके।
समीक्षा बैठक में कानपुर सांसद रमेश अवस्थी, विधान परिषद सदस्य बाबूलाल तिवारी, जिला पंचायत अध्यक्ष सुनील सिंह पटेल तथा भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष कल्लू सिंह राजपूत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित