धार , अप्रैल 9 -- आदिवासी बहुल क्षेत्रों में गेहूं उपार्जन केंद्र नहीं खोले जाने और समर्थन मूल्य पर खरीदी की तारीखें बढ़ाए जाने के विरोध में कांग्रेस नेताओं ने गुरुवार को किसानों के साथ प्रदर्शन कर तहसील कार्यालयों में ज्ञापन सौंपा।
गंधवानी मंडी परिसर में जिला कांग्रेस अध्यक्ष स्वतंत्र जोशी के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन कर भाजपा सरकार पर किसानों के साथ छल करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों की समस्याओं के समाधान में गंभीर नहीं है।
बाग में ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष अमरसिंह निंगवाल और कांग्रेस नेता रोहित झंवर ने कहा कि अन्य राज्यों में गेहूं समर्थन मूल्य पर खरीदा जा रहा है, जबकि मध्यप्रदेश में खरीदी की तारीखें बार-बार बढ़ाई जा रही हैं। उन्होंने आदिवासी क्षेत्रों में उपार्जन केंद्र नहीं खोले जाने को किसानों के साथ भेदभाव बताया और तत्काल केंद्र खोलने की मांग की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित