पटना , अक्टूबर 21 -- बिहार के कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने बुधवार को कहा कि जलवायु परिवर्तन से उत्पन्न चुनौतियों से निपटने, कृषि उत्पादन एवं उत्पादकता बढ़ाने और किसानों की आय में वृद्धि के लिए राज्य के 1,200 गांवों में जलवायु अनुकूल कृषि पद्धतियों को बढ़ावा दिया जाएगा।
कृषि मंत्री ने कहा कि चतुर्थ कृषि रोड मैप के तहत संचालित इस कार्यक्रम में रबी और गरमा मौसम के दौरान कुल 27,600 एकड़ में विभिन्न फसलों की वैज्ञानिक खेती का प्रत्यक्षण किया जाएगा। इससे खेती की लागत कम करने, जल एवं मृदा संरक्षण और किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों से जोड़ने में मदद मिलेगी।
श्री सिन्हा ने आज बताया कि जलवायु परिवर्तन के कारण बाढ़, सुखाड़, कम वर्षा और तापमान में अप्रत्याशित बदलाव कृषि क्षेत्र के सामने गंभीर चुनौतियां पैदा कर रहे हैं। इनसे निपटने के लिए वैज्ञानिक तकनीकों और आधुनिक कृषि पद्धतियों को अपनाना आवश्यक है। जलवायु अनुकूल कृषि कार्यक्रम का उद्देश्य खेती को अधिक टिकाऊ और लाभकारी बनाना तथा बदलती जलवायु परिस्थितियों में फसलों की उत्पादकता बनाए रखना है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित