रायबरेली , अक्टूबर 10 -- उत्तर प्रदेश के रायबरेली शहर में समाजवादी पार्टी के संस्थापक, पूर्व रक्षामंत्री एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव की पुण्यतिथि पर शनिवार को सुपर मार्केट स्थित सपा कार्यालय में श्रद्धांजलि सभा एवं विचार गोष्ठी आयोजित की गई। पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और उनके योगदान को याद किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए सपा जिलाध्यक्ष इ. वीरेंद्र यादव ने कहा कि नेताजी ने किसानों, मजदूरों, छात्रों, नौजवानों, गरीबों, शोषितों और वंचितों के अधिकारों के लिए आजीवन संघर्ष किया। मुख्यमंत्री रहते हुए उन्होंने जनकल्याणकारी योजनाओं को बढ़ावा दिया तथा छात्रसंघ चुनाव की बहाली और पंचायत चुनावों में आरक्षण के माध्यम से वंचित वर्गों को आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराए।
बछरावां विधायक श्याम सुंदर भारती ने कहा कि नेताजी ने समतामूलक समाज की स्थापना के लिए कार्य किया और अन्याय एवं गैरबराबरी का विरोध किया। वहीं, हरचंदपुर विधायक राहुल लोधी ने कहा कि रक्षामंत्री के रूप में उन्होंने शहीद सैनिकों के पार्थिव शरीर को उनके परिजनों तक पहुंचाने और राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार की व्यवस्था सुनिश्चित कराने का ऐतिहासिक निर्णय लिया।
गोष्ठी में वरिष्ठ सपा नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने नेताजी के विचारों, नीतियों और जनहित में किए गए कार्यों को याद करते हुए उनके बताए रास्ते पर चलने का संकल्प लिया। इस अवसर पर डीपी पाल, मुनेश्वर पासी, डॉ. शशिकांत शर्मा, दिनेश यादव, राजेंद्र यादव, मो. अरशद खान, प्रदीप तिवारी, पूनम सिंह, नरेंद्र सिंह प्रधान सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित