भिण्ड , मार्च 9 -- मध्यप्रदेश के भिण्ड देहात थाना क्षेत्र में एक किशोरी से छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार इटावा रोड क्षेत्र में रहने वाली 17 वर्षीय किशोरी शनिवार शाम बाजार से अपने घर लौट रही थी। इसी दौरान भिण्ड शहर निवासी प्रवीण चौधरी नामक युवक उसका पीछा करने लगा और रास्ते में अभद्र टिप्पणियां करने लगा।

बताया गया है कि सुनसान स्थान पर आरोपी ने किशोरी का हाथ पकड़ लिया। किशोरी ने विरोध करते हुए उसका हाथ छुड़ाया और उसे थप्पड़ मारकर अपने घर पहुंच गई। इसके बाद भी आरोपी उसका पीछा करते हुए घर तक पहुंच गया और गेट की कुंडी बजाकर दरवाजा खुलवाया।

जैसे ही किशोरी ने गेट खोला, आरोपी उसे प्रपोज करने लगा। इस पर किशोरी ने शोर मचाया, जिससे परिवार और आसपास के लोग एकत्रित हो गए। खुद को घिरता देख आरोपी मौके से फरार हो गया। किशोरी की शिकायत पर देहात थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट सहित अन्य धाराओं में प्रकरण दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित