भीलवाड़ा , फरवरी 16 -- राजस्थान में भीलवाड़ा जिले के बिजौलियां थाना क्षेत्र में एक किशोर पर लोहे की छड़ से हमला करके उस पर पैट्रोल डालकर जलाकर मारने के प्रयास के तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस सूत्रों ने सोमवार काे बताया कि 16 वर्षीय गिलूराम बंजारा छह फरवरी को मंडोल बांध गांव गया था। आरोप है कि एक परिवार को गलतफहमी हो गई कि वह उनकी पुत्री से मिलने आया है। इसी शक के चलते तीन लोगों ने गिलूराम को घेर लिया और उस पर लोहे की छड़ से ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

पुलिस ने बताया कि हमलावरों ने किशोर की मोटर साइकिल से पैट्रोल निकाला और कथित तौर पर उस पर छिड़क कर आग लगा दी। आग की लपटों में घिरकर गिलूराम करीब 30 प्रतिशत तक झुलस गया, जबकि उसकी मोटर साइकिल पूरी तरह जल गई। उसकी चीख-पुकार सुनकर मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायल किशोर को तत्काल उप जिला चिकित्सालय बिजौलियां ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल भेज दिया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित