लखनऊ , सितंबर 16 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने कहा कि नदी के पानी को कोई राज्य की सीमाएं नहीं बांध सकतीं, इसलिए जल प्रबंधन भी राज्य की सीमाओं से परे होना चाहिए।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के नेतृत्व में जल सुरक्षा और जल संसाधनों के समुचित उपयोग की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए जा रहे हैं। श्री चौधरी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट किए गए अपने बयान में कहा कि केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता और केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी. आर. पाटिल की उपस्थिति में उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, दिल्ली और हरियाणा के बीच लंबे समय से लंबित किशाऊ बहुउद्देशीय बांध परियोजना से संबंधित समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए हैं।

उन्होंने कहा कि यह पहल 'सहयोग से समाधान' और सहकारी संघवाद की भावना को मजबूत करती है। परियोजना से उत्तर प्रदेश में सिंचाई सुविधाओं के विस्तार के साथ किसानों के लिए जल की उपलब्धता बढ़ाने में मदद मिलेगी। इसके अलावा पेयजल व्यवस्था को मजबूती मिलने और यमुना नदी की अविरलता को भी बल मिलने की उम्मीद है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि जल सुरक्षा, किसान कल्याण और कृषि समृद्धि के इस प्रयास से उत्तर प्रदेश के विकास को नई गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि जल संसाधनों के बेहतर प्रबंधन और राज्यों के बीच सहयोग से 'विकसित उत्तर प्रदेश-विकसित भारत' के संकल्प को मजबूती मिलेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित