हैदराबाद , जून 13 -- केंद्रीय कोयला और खान मंत्री जी. किशन रेड्डी ने तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी को एक पत्र लिखकर सरकारी सिंगरेनी कोलियरीज कंपनी लिमिटेड (एससीसीएल) में कथित अनियमितताओं की व्यापक जांच कराने की अपील की है।
श्री किशन रेड्डी ने अपने पत्र में मीडिया रिपोर्टों पर चिंता जताई, जिसमें आरोप लगाया गया है कि लगभग 40 लाख टन कोयला जिसकी कीमत लगभग 1,600 करोड़ रुपये है, गायब हो गया है, जिससे कंपनी को काफी आर्थिक नुकसान हुआ है। उन्होंने कहा कि ये रिपोर्ट ऐसे समय में आई हैं जब सिंगरेनी पहले से ही तेलंगाना सरकार पर 51,500 करोड़ रुपये से ज़्यादा के बकाया के कारण वित्तीय दबाव का सामना कर रही है।
केंद्रीय मंत्री ने मुख्यमंत्री से आरोपों का सत्यापन करने, पूरी जांच करने और मौजूदा सुरक्षा उपायों और आतंरिक नियंत्रण प्रणाली के असर की समीक्षा करने की अपील की। उन्होंने पारदर्शिता , कार्यक्षमता और जिम्मेदारी को बेहतर बनाने के लिए तकनीकी आधारित निगरानी प्रणाली और समय-समय पर समीक्षा के इस्तेमाल की भी वकालत की।
श्री किशन रेड्डी ने तेलंगाना की आर्थिक और भारत की ऊर्जा सुरक्षा में सिंगरेनी की अहम भूमिका पर ज़ोर देते हुए कहा कि समय पर कार्रवाई से कंपनी, उसके 40,000 कर्मचारियों और उनके परिवारों के हितों की रक्षा करने में मदद मिलेगी, साथ ही इसकी लंबे समय की वृद्वि और स्थिरता भी पक्की होगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित