अजमेर , सितंबर 04 -- केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी ने कहा है कि अजमेर जिले के किशनगढ़ शहर में विकास की गति बनाये रखने के लिए एक बार फिर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का बोर्ड बनना जरूरी हैं।
श्री चौधरी शुक्रवार को किशनगढ़ नगर परिषद चुनाव-2026 के तहत वार्ड 17, 22, 45, 46, 51 एवं 53 में भाजपा पार्षद प्रत्याशियों के चुनाव कार्यालयों के उद्घाटन कार्यक्रमों में सम्मिलित होकर कार्यकर्ताओं एवं क्षेत्रवासियों से संवाद किया। इससे पूर्व गुरुवार को उन्होंने वार्ड 57 एवं 60 में भाजपा पार्षद प्रत्याशियों के चुनाव कार्यालयों के उद्घाटन कार्यक्रमों में भी सहभागिता की।
उन्होंने कहा कि किशनगढ़ के प्रत्येक वार्ड में भाजपा के प्रति जिस प्रकार का उत्साह, उमंग और विश्वास देखने को मिल रहा है, वह अभूतपूर्व है। देवतुल्य जनता का स्नेह और समर्पित कार्यकर्ताओं की मेहनत ही भाजपा की सबसे बड़ी ताकत है।
उन्होंने कहा कि किशनगढ़ उनके लिए केवल राजनीतिक क्षेत्र नहीं, बल्कि कर्मभूमि के साथ-साथ अपना गृह क्षेत्र है। किशनगढ़ के विकास, शहरवासियों की सुविधाओं और क्षेत्र के उज्ज्वल भविष्य से उनका आत्मीय जुड़ाव है। उन्होंने कहा कि किशनगढ़ के सर्वांगीण विकास के लिए केंद्र और राज्य में भाजपा की सरकारों के साथ नगर परिषद में भी भाजपा का बोर्ड होना आवश्यक है।
श्री चौधरी ने कहा कि पिछले पांच वर्षों में किशनगढ़ नगर परिषद में भाजपा के बोर्ड ने शहर के विकास को गति देने के साथ साफ-सफाई, सड़क, नाली, चौक-चौराहों के निर्माण एवं रखरखाव सहित विभिन्न क्षेत्रों में महत्वपूर्ण कार्य किए। अस्पतालों, स्टेडियम, रेलवे स्टेशन से लेकर हवाई अड्डे तक शहर की सड़कों एवं व्यवस्थाओं को सुचारू बनाये रखने में नगर परिषद की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
उन्होंने कहा कि जब केंद्र और राजस्थान में भाजपा की सरकार है तो किशनगढ़ नगर परिषद में भी भाजपा का बोर्ड होना विकास के लिए तीसरे इंजन का काम करेगा। केंद्र, राज्य और नगर परिषद तीनों स्तरों पर भाजपा की सरकार होने से विकास योजनाओं का बेहतर समन्वय होगा, कार्यों की गति बढ़ेगी और आमजन को अधिक सुविधाएं एवं सहूलियत मिलेंगी।
श्री चौधरी ने कहा कि भाजपा सरकारों का मूल उद्देश्य विकास को अंतिम छोर तक पहुंचाना और आम नागरिक के जीवन को आसान बनाना है। किशनगढ़ में विकास की जो यात्रा आगे बढ़ी है, उसे किसी भी परिस्थिति में रुकने नहीं देना है, बल्कि आने वाले समय में इसे और तेज गति प्रदान करनी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे प्रत्येक वार्ड में घर-घर संपर्क कर भाजपा की विकास नीति और पिछले कार्यकाल के कार्यों को आमजन तक पहुंचाएं तथा अधिक से अधिक मतदाताओं को भाजपा के पक्ष में मतदान के लिए प्रेरित करें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित