किशनगंज , अक्टूबर 23 -- िहार में किशनगंज जिले के सदर थाना क्षेत्र में पुलिस ने 22.35 ग्राम स्मैक जैसे मादक पदार्थ के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है।पुलिस सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि गिरफ्तार युवक की पहचान तेघरिया निवासी हैदर अली के रूप में की गयी है। गुरुवार की रात अवर निरीक्षक प्रीति कुमारी के नेतृत्व में पुलिस टीम गश्त कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि मलद्वार रोड से पश्चिम श्मशान घाट की ओर जाने वाली सड़क पर कुछ लोग मादक पदार्थ की खरीद-बिक्री के लिए जुटे हैं।सूचना के आधार पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देखकर संदिग्ध युवक भागने लगे, लेकिन पुलिस ने खदेड़कर एक युवक को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से 22.35 ग्राम स्मैक जैसा मादक पदार्थ बरामद किया गया, जिसे विधिवत जब्त कर सील कर दिया गया।

सदर थानाध्यक्ष मुकेश कुमार ने बताया कि नशे के विरुद्ध चलाये जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गयी है। इस मामले में गिरफ्तार युवक सहित अन्य अज्ञात लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित