किशनगंज , जून 25 -- बिहार में किशनगंज जिले के किशनगंज प्रखंड अंतर्गत मोतिहारा तालुका पंचायत के पानीसाल गांव में गुरुवार को नदी में डूबने से मां और बेटे की मौत हो गई।पुलिस सूत्रों ने बताया कि मृतकों की पहचान पानीसाल गांव निवासी 29 वर्षीय मीना देवी और उनके 10 वर्षीय पुत्र विश्वजीत राय के रूप में की गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मीना देवी नदी किनारे कपड़ा धोने गई थीं। इसी दौरान उनका पुत्र विश्वजीत राय भी वहां पहुंच गया और नदी के किनारे पानी में खड़ा हो गया। अचानक उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में डूबने लगा।बेटे को डूबता देख मीना देवी उसे बचाने के लिए नदी में कूद पड़ीं, लेकिन वह भी गहरे पानी में चली गईं। देखते ही देखते मां और बेटा दोनों नदी में डूब गए।घटना को देख आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और दोनों को बचाने का प्रयास किया। कुछ लोग नदी में भी उतरे, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी।
सूत्रों ने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर सदर अंचल के अंचलाधिकारी राहुल कुमार और सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची तथा स्थानीय लोगों की मदद से खोजबीन शुरू की गई। कई घंटों की मशक्कत के बाद दोनों शवों को नदी से बाहर निकाला गया।पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है।
अंचलाधिकारी राहुल कुमार ने बताया कि नदी में डूबने से एक महिला और उसके पुत्र की मौत हुई है। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कराई जा रही है तथा सरकारी प्रावधानों के अनुसार परिजनों को मुआवजा उपलब्ध कराने की कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित