किशनगंज , जून 29 -- बिहार के किशनगंज जिले में रामपुर चेक पोस्ट के समीप पुलिस ने डेढ़ किलोग्राम हेरोइन के साथ तीन अंतरराज्यीय मादक पदार्थ तस्करों को गिरफ्तार किया है। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (सदर-वन) खुसरू सिराज ने सोमवार को बताया कि सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार के निर्देश पर उनके नेतृत्व में जिला आसूचना इकाई, एएनटीएफ और किशनगंज थाना पुलिस की संयुक्त विशेष टीम गठित की गई थी।उन्होंने बताया कि रामपुर चेक पोस्ट के समीप विशेष वाहन जांच अभियान के दौरान मालदा (पश्चिम बंगाल) से आ रही एक बस से उतरे दो व्यक्ति पहले से मौजूद एक अन्य व्यक्ति से मिले। पुलिस को देखकर तीनों भागने लगे, लेकिन टीम ने घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया।

श्री सिराज ने बताया कि मजिस्ट्रेट की उपस्थिति में तलाशी के दौरान आरोपियों के बैग से कुल 1.5 किलोग्राम हेरोइन, चार मोबाइल फोन और 9,950 रुपये नकद बरामद किए गए। बरामद हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब तीन करोड़ रुपये आंकी गई है।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बहादुरगंज थाना क्षेत्र के लोहागारा इस्तमा टोला निवासी फिरोज अंसारी, अमजद अंसारी उर्फ इस्मता उर्फ गामा तथा रहीस अंसारी उर्फ सागर साह के रूप में हुई है।उन्होंने बताया कि इस मामले में किशनगंज थाना कांड संख्या 694/26 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता की धारा 111 तथा एनडीपीएस अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है। इस पूरे तस्करी नेटवर्क, आर्थिक स्रोत और इससे जुड़े अन्य लोगों की पहचान के लिए जांच की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित