पटना , फरवरी 28 -- बिहार में किशनगंज जिले के बहादुरगंज प्रखंड कार्यालय परिसर में जीविका दीदी अधिकार केंद्र आरंभ किया गया है। दीदी अधिकार केंद्र एक सामुदाय आधारित संस्था है, जो महिलाओं को उनके अधिकारों और सरकारी योजनाओं तक पहुँच दिलाने में सहायता करता है। यह केंद्र महिलाओं के विरुद्ध हिंसा सहित लैंगिक मुद्दों के समाधान में सहयोग करता है तथा जमीनी स्तर पर आवश्यक सरकारी सेवाओं से जुड़ाव सुनिश्चित करता है।
दीदी अधिकार केंद्र का उद्देश्य महिलाओं के अधिकारों, सरकारी योजनाओं से जुड़े लाभों तथा लिंग आधारित हिंसा से संबंधित शिकायतों के निवारण तंत्र तक पहुँच को सशक्त बनाना है।
राज्य भर में वर्तमान समय में कुल 255 दीदी अधिकार केंद्र संचालित हो रहे हैं तथा आगामी वित्तीय वर्ष के अंत तक प्रखंड स्तर पर 421दीदी अधिकार केंद्र का संचालन किया जायेगा। इसी कड़ी में प्रत्येक प्रखंड में एक संकुल स्तरीय संघ को नोडल संकुल संघ के रूप में नामित किया गया है, जो उक्त दीदी अधिकार केंद्र के कार्य-प्रणाली के निगरानी में भूमिका निभाता है, जबकि अन्य प्रखंड के अन्य संकुल स्तरीय संघ संचालनात्मक इकाइयों के रूप में कार्य करते हैं। प्रत्येक दीदी अधिकार केंद्र का संचालन प्रशिक्षित दीदी अधिकार केंद्र समन्वयक द्वारा किया जाता है तथा उन्हें जेंडर कम्युनिटी रिसोर्स पर्सन/ सक्षमा दीदियों का सहयोग प्राप्त होता है।
जीविका दीदी अधिकार केंद्र के माध्यम से जरूरतमंद महिलाओं को मनोवैज्ञानिक, क़ानूनी, आश्रय, पुनर्वास और परामर्श-सहायता प्रदान की जाएगी। दीदी अधिकार केंद्र पर किसी भी प्रकार की हिंसा एवं अन्य प्रताड़ना से पीड़ित महिलाओं के लिए अल्पकालीन पुनर्वास की भी व्यवस्था की गई है। समन्वयक जीविका दीदी इस केंद्र का संचालन करेंगी तथा गाँव और पंचायत स्तर पर सक्षमा दीदी कार्य करेंगी जो जरूरतमंद महिलाओं को दीदी अधिकार केंद्र से जुड़ाव कर सहायता उपलब्ध कराएंगी।
प्रखंड विकास पदाधिकारी, बहादुरगंज, अरुण कुमार सावन ने कहा कि इस केंद्र का लाभ जीविका दीदियों के साथ-साथ बहादुरगंज प्रखंड की अन्य महिलाएँ भी उठा सकेंगी।
जीविका दीदी अधिकार केंद्र के माध्यम से सरकार के विभिन्न विभागों जैसे कि पुलिस, विधि, स्वास्थ्य, सामाजिक सुरक्षा से जुड़ाव कर पीड़ित महिलाओं को सहायता प्रदान की जाएगी। इसकी सुविधाओं के व्यापक पहुँच के लिए जीविका के विभिन्न सामुदायिक संगठन में प्रचार-प्रसार भी किया जा रहा है। इस केंद्र के जरिये जरूरतमंद महिलाओं का सेवा प्रदाताओं के साथ जुड़ाव, संबंधित विभागों से मदद लेने तथा बाल विवाह रोकथाम, दहेज प्रथा उन्मूलन जैसे सामाजिक कुप्रथाओं के रोकथाम की दिशा में भी काम करेगी. जीविका दीदी अधिकार केंद्र के माध्यम से गाँव गरीबी उन्मूलन योजना को ग्राम पंचायत विकास योजना में शामिल कराने के लिए भी कार्य किया जाएगा। साथ ही इस केंद्र के माध्यम से पीड़ित, वंचित, गरीब महिलाओं के सामाजिक-आर्थिक सशक्तिकरण के लिए कार्य किया जाएगा।
बहादुरगंज प्रखंड कार्यालय परिसर स्थित जीविका दीदी अधिकार केंद्र का संचालन उमंग जीविका महिला संकुल स्तरीय संघ, झिलझिली द्वारा किया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित