किशनगंज , जुलाई 21 -- बिहार में किशनगंज जिले की पुलिस ने अवैध पशु तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए सात अंतरजिला पशु तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस सूत्रों ने मंगलवार को बताया कि पशु तस्करों के कब्जे से अवैध रूप से ले जाए जा रहे 85 मवेशियों को बरामद किया गया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक हरिमोहन शुक्ला के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने कोचाधामन थाना क्षेत्र में एनएच-327ई पर विशेष अभियान चलाकर की।

सूत्रों ने बताया कि छापेमारी के दौरान दो पिकअप वैन एवं एक कंटेनर को रोककर तलाशी ली गयी। तलाशी के दौरान तीनों वाहनों से 85 मवेशियों को बरामद कर सात तस्करों को गिरफ्तार किया गया।पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने बताया कि बरामद मवेशियों को नालंदा, नवगछिया और सुपौल से लाकर किशनगंज जिले के विभिन्न क्षेत्रों में बिक्री के उद्देश्य से ले जाया जा रहा था। आरोपियों के पास पशुओं के परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज नहीं थे।

सूत्रों ने बताया कि इस मामले में कोचाधामन थाना में पशु क्रूरता अधिनियम एवं अन्य सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।गिरफ्तार आरोपियों में नालंदा निवासी अशोक रजक, मो.अनवर,भागलपुर निवासी मो. अब्बास,खगड़िया निवासी कारे मंसूरी,कटिहार निवासी मो सद्दाम और मो. जहांगीर,अररिया निवासी साकिर आलम शामिल है। उनके विरुद्ध प्राथमिक दर्ज कर उन्हें जेल भेजा जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित