किशनगंज , जुलाई 10 -- बिहार में किशनगंज जिले के बहादुरगंज थाना क्षेत्र में शुक्रवार की सुबह सड़क दुर्घटना में एक युवक की मौत हो गई। पुलिस सूत्रों ने बताया कि बहादुरगंज के बलुआबाड़ी निवासी मोहसिन आलम राजस्थान ढाबा में नाइट गार्ड का काम करता था। आज सुबह वह राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच)-327ई पर आर हुसैन चौक के समीप सड़क पार कर रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
सूत्रों ने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर बहादुरगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ-1) खुशरू सिराज ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। दुर्घटना में शामिल वाहन और उसके चालक की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं तथा स्थानीय लोगों से पूछताछ की जा रही है। इस सिलसिले ंव मामला दर्ज कर फरार चालक की तलाश की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित