जगदलपुर , सितंबर 02 -- छत्तीसगढ़ के शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय किलेपाल में बैडमिंटन और बास्केटबॉल कोर्ट के निर्माण तथा खेल सामग्री उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने विद्यालय में विषय शिक्षकों की कमी को देखते हुए दिसंबर तक प्रस्तावित नई भर्ती प्रक्रिया के तहत प्राथमिकता के आधार पर शिक्षकों की पदस्थापना सुनिश्चित करने की बात कही है।
शिक्षा मंत्री यादव ने मंगलवार को विद्यालय का औचक निरीक्षण कर छात्राओं से पढ़ाई, खेलकूद और छात्रावास की व्यवस्थाओं के संबंध में बातचीत की। छात्राओं ने इस दौरान खेल सुविधाओं और विषय शिक्षकों की कमी की जानकारी दी। इस पर उन्होंने परिसर में आधुनिक बैडमिंटन और बास्केटबॉल कोर्ट बनाने तथा आवश्यक खेल सामग्री उपलब्ध कराने के निर्देश अधिकारियों को दिए।
उन्होंने छात्राओं को कंपास बॉक्स सहित आवश्यक शैक्षणिक सामग्री उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए। यादव ने कहा कि दूरस्थ क्षेत्रों के विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा और खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक संसाधनों की व्यवस्था की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान शिक्षा मंत्री ने विद्यालय और छात्रावास के कर्मचारियों के साथ बैठक कर छात्राओं की दिनचर्या में सुधार के निर्देश दिए। उन्होंने सुबह मैदान में दौड़, पीटी और नियमित योग कराने को कहा। प्रार्थना सभा को व्यवस्थित और समयबद्ध बनाने के लिए स्कूलों में राष्ट्रगान, राष्ट्रगीत और मंत्रों वाली पेन ड्राइव उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए। इसके साथ ही स्कूल के बाद छात्राओं का गृहकार्य पूरा कराने और रात्रि भोजन के बाद कम से कम एक घंटे नियमित अध्ययन की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
श्री यादव ने स्वास्थ्य विभाग के समन्वय से छात्राओं की नियमित स्वास्थ्य जांच कराने, परिसर में प्रत्येक माह कम से कम एक बार व्यापक स्वच्छता अभियान चलाने और छात्रावास के खराब शौचालयों की आकस्मिक मद से तत्काल मरम्मत कराने के निर्देश दिए। उन्होंने शिक्षिकाओं और अधीक्षिकाओं से छात्राओं के साथ मित्रवत एवं अभिभावक जैसा व्यवहार करने को कहा।
इस अवसर पर कलेक्टर आकाश छिकारा, पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी तन्मय खन्ना, शिक्षा विभाग के संयुक्त संचालक एचआर सोम, जिला शिक्षा अधिकारी बीआर बघेल, जिला मिशन समन्वयक अशोक पाण्डे सहित विभागीय अधिकारी-कर्मचारी और विद्यार्थी उपस्थित थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित