जयपुर , जून 19 -- राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा है कि राजस्थान की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार के कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा के शुक्रवार को भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) मुख्यालय में एसीबी पर किसी दबाव में आकर उन्हें फंसाने के आरोप से भाजपा सरकार की आपसी कलह उजागर हो गयी हैं।
श्री गहलोत ने अपने बयान में कहा कि डॉ मीणा ने एसीबी मुख्यालय में यह आरोप लगाकर भाजपा सरकार की आपसी कलह को उजागर कर दिया है। उन्होंने कहा कि कृषि मंत्री ने एसीबी पर सीधे उन्हें किसी दबाव में आकर फंसाने के आरोप लगाये हैं। डॉ मीणा ने एसीबी को "पॉलिटिकल वैपन" यानी राजनीतिक हथियार के तौर पर इस्तेमाल करने का आरोप लगाया है।
उन्होंने कहा कि एसीबी सीधे मुख्यमंत्री के अधीन है। क्या कृषि मंत्री सीधे मुख्यमंत्री पर उन्हें फंसाने का आरोप लगा रहे हैं। अब ज़िम्मेदारी मुख्यमंत्री की है कि वह सच्चाई बतायें कि कृषि मंत्री इस रिश्वत प्रकरण में लिप्त हैं या मुख्यमंत्री के अधीन एसीबी उन्हें फंसा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित