ग्वालियर , अक्टूबर 29 -- मध्यप्रदेश में ग्वालियर के मुरार थाना क्षेत्र में ट्रैवल्स कारोबारी महिला की स्कॉर्पियो किराये पर लेकर वापस नहीं लौटाने और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। करीब एक साल से वाहन वापस मिलने का इंतजार कर रही महिला की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अमानत में खयानत का प्रकरण दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

घोसीपुरा निवासी 27 वर्षीय राधिका यादव ट्रैवल्स का कारोबार करती हैं। उनके बेटे वेद कुशवाह के नाम से वेद सेल्फ ड्राइवेन कार्स प्रॉप नामक फर्म है, जिसका संचालन उनके पति करते हैं। पति के कटनी जेल में बंद होने के कारण फिलहाल राधिका कारोबार संभाल रही हैं।

राधिका ने पुलिस को बताया कि 10 सितंबर 2025 को ग्राम सुपावली, थाना बिजौली निवासी अभिषेक जाटव उनकी स्कॉर्पियो क्रमांक एमपी 07 जेडएल 8895 एक-दो दिन के लिए किराये पर ले गया था। इसके बाद उसने न तो वाहन लौटाया और न ही किराया दिया। महिला के अनुसार, उन्होंने कई बार आरोपी से संपर्क कर वाहन वापस मांगा, लेकिन उसने फोन उठाना बंद कर दिया। वाहन लौटाने की बात कहने पर वह जान से मारने की धमकी देने लगा।

महिला ने बताया कि स्कॉर्पियो विनय नगर निवासी कपिल शर्मा से अनुबंध पर लेकर ट्रैवल्स कारोबार में लगाई गई थी। शिकायत के आधार पर मुरार थाना पुलिस ने आरोपी अभिषेक जाटव के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 316(2) के तहत अमानत में खयानत का मामला दर्ज किया है। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित