होशियारपुर , जुलाई 10 -- पंजाब के होशियारपुर जिले के दसूहा में किराये के विवाद को लेकर कथित रूप से मारपीट का शिकार हुए 57 वर्षीय दर्जी की इलाज के दौरान शुक्रवार को मौत हो गयी। घटना के बाद पुलिस ने मामले में हत्या की धारा जोड़ दी है। दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि तीसरे आरोपी की तलाश जारी है।

मृतक की पहचान दसूहा के ओल्ड सुनियारा बाजार निवासी नरेश कुमार (57) के रूप में हुई है, जो पेशे से दर्जी थे। पुलिस के अनुसार, उन्होंने कैथा मोहल्ला स्थित अपने पुराने मकान की ऊपरी मंजिल बिहार के प्रवासी मजदूरों को किराये पर दे रखी थी। पुलिस के मुताबिक, घटना छह जुलाई की दोपहर की है। आरोप है कि किरायेदार गुड्डू ने तीन महीने का बकाया किराया देने के बहाने नरेश कुमार को घर बुलाया। दोपहर बाद करीब साढ़े तीन बजे नरेश कुमार अपने पुत्र साहिल कुमार के साथ किराया लेने पहुंचे। साहिल नीचे गली में खड़ा रहा, जबकि नरेश कुमार ऊपर चले गये। एफआईआर के अनुसार, कुछ देर बाद शोर सुनकर साहिल ऊपर पहुंचा तो उसने देखा कि गुड्डू की पत्नी सीता और उसके रिश्तेदार शट्ठू कथित तौर पर फावड़े के लकड़ी के डंडे से नरेश कुमार की पिटाई कर रहे थे। हमले में उनके सिर समेत शरीर के अन्य हिस्सों पर गंभीर चोटें आयीं।

शिकायत के अनुसार, जब साहिल अपने पिता को बचाकर नीचे लाने लगा तो आरोपियों ने उन्हें सीढ़ियों से धक्का दे दिया और पड़ोसी मकानों की छतों के रास्ते फरार हो गये। जाते समय उन्होंने कथित रूप से जान से मारने की धमकी भी दी। घायल नरेश कुमार को पहले सिविल अस्पताल, दसूहा ले जाया गया, जहां से उन्हें जालंधर के एक निजी अस्पताल रेफर किया गया। बाद में परिजन उन्हें वापस सिविल अस्पताल, दसूहा ले आये, जहां शुक्रवार सुबह इलाज के दौरान उनकी मौत हो गयी।

दसूहा थाना पुलिस ने पहले भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया था। नरेश कुमार की मौत के बाद एफआईआर में हत्या की धारा भी जोड़ दी गयी है।

दसूहा थाना प्रभारी सब-इंस्पेक्टर दलजीत सिंह ने बताया कि मुख्य आरोपी गुड्डू और उसकी पत्नी सीता, जो बिहार के नालंदा जिले के रहने वाले हैं, को गिरफ्तार कर लिया गया है। तीसरे आरोपी शट्ठू की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। मामले की जांच जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित