धार , मार्च 05 -- मध्यप्रदेश में धार जिले की बदनावर तहसील अंतर्गत गणेशवडली मोहल्ले में गुरुवार को एक युवक ने किराए के मकान में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। दोपहर तक घर में कोई हलचल नहीं होने पर पड़ोसी महिला ने दरवाजा धक्का देकर खोला तो युवक का शव फंदे पर लटका मिला।पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान दीपक पिता मोहनलाल मालवीय निवासी नयापुरा बिरमावल के रूप में हुई है। वह बदनावर में रतन डामर के मकान में किराए से रहकर वाहन चालक का कार्य करता था। घटना के समय मकान में वह अकेला था।
बताया गया कि दोपहर में एक स्थानीय महिला कमरे पर पहुंची तो दरवाजा अंदर से बंद था। दरवाजा धक्का देकर खोलने पर दीपक छत के लोहे के एंगल से रस्सी के सहारे लटका मिला। महिला के शोर मचाने पर आसपास के लोग एकत्रित हुए और पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस दल मौके पर पहुंचा, पंचनामा तैयार कर शव को नीचे उतारा और पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया। मृतक के परिजनों को बिरमावल सूचना दी गई है। परिजनों की उपस्थिति में पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
थाना प्रभारी अमित सिंह कुशवाह के अनुसार आत्महत्या का कारण फिलहाल अज्ञात है। मोबाइल फोन जब्त कर लिया गया है तथा पड़ोसियों और परिजनों के बयान दर्ज किए जाएंगे। मामले में मर्ग कायम कर जांच जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित