बड़वानी , अक्टूबर 28 -- मध्यप्रदेश में बड़वानी जिले के सेंधवा में बुधवार को 12वीं कक्षा में अध्ययनरत 16 वर्षीय आदिवासी छात्रा का शव किराए के कमरे में फंदे पर लटका मिला। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। छात्रा सेंधवा के सांदीपनि स्कूल में पढ़ती थी और मूल रूप से नकटी रानी गांव की निवासी थी।
सेंधवा शहर थाना के विवेचना अधिकारी संतोष पाटीदार ने बताया कि छात्रा 12 सितंबर से किराए के कमरे में रह रही थी। बुधवार सुबह उसे पानी भरते हुए देखे जाने की जानकारी मिली थी। बाद में उसका शव कमरे में दुपट्टे से बने फंदे पर लटका मिला। पुलिस के अनुसार, छात्रा 17 अक्टूबर के बाद स्कूल नहीं गई थी।
पुलिस को घटनास्थल से दो सिम कार्ड वाला एक मोबाइल फोन और एक अतिरिक्त सिम कार्ड मिला है। मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ। प्रारंभिक जांच में प्रेम प्रसंग की संभावना सामने आई है, हालांकि मौत के वास्तविक कारणों और परिस्थितियों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित