देहरादून , मई 03 -- उत्तराखंड में देहरादून के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रवेंद्र डोभाल ने अधिकारियों को "ऑपरेशन प्रहार" के अंतर्गत बाहरी राज्यों अथवा जनपदों से आकर रहने वाले किराएदारो, फड़, फेरी, ठेली वालों तथा संदिग्ध व्यक्तियों के सत्यापन और तलाश करने के लिए अभियान चलाने के निर्देश दिए गए है।

इसी क्रम में रविवार को 35 मकान मालिकों और प्रतिष्ठान स्वामियों द्वारा ये सत्यापन ना कराने पर पुलिस अधिनियम के तहत चालान किए गए। श्री डोभाल ने बताया कि आज थाना बसंत विहार तथा सेलाकुई क्षेत्र में सत्यापन अभियान चलाया गया। इस दौरान पुलिस टीम ने बसन्त विहार क्षेत्र में श्रीरामपुरम, गोबिंदगढ़, विजय पार्क, कांवली गांव तथा सेलाकुई क्षेत्र में सत्यापन की कार्रवाई की गयी, जिसमें किराएदारों का सत्यापन न कराने वाले 35 मकान मालिकों का धारा 83 पुलिस एक्ट के अंतर्गत चालान करते हुए 03 लाख 50 हज़ार रुपये का जुर्माना किया गया। वहीं, संदिग्ध अवस्था मे घूम रहे 12 संदिग्धों को थाने पर लाकर नाम पता तस्दीक करते हुए उनका 81 पुलिस एक्ट में चालान करते हुए 3500 रुपए का जुर्माना वसूला गया। उन्होंने बताया कि सम्पूर्ण जनपद में सत्यापन और चेकिंग अभियान लगातार जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित