भदोही , अप्रैल 16 -- उत्तर प्रदेश में भदोही जिले के गोपीगंज नगर में किन्नर समाज ने गुरुवार को सद्भावना यात्रा निकालकर अमर शहीदों को नमन किया और साम्प्रदायिक सौहार्द का संदेश दिया। गोपीगंज नगर के ककराही नई बस्ती से बसंती किन्नर के नेतृत्व में निकाली गई यात्रा में शामिल लोगों ने देशभक्ति और सामाजिक एकता का संदेश दिया। यात्रा के दौरान मीरजापुर तिराहा स्थित शहीद स्मारक पर माल्यार्पण कर अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इसके बाद राजमार्ग बड़ा चौराहा स्थित गोपेश्वरनाथ शिव मंदिर में शनिदेव की मूर्ति, धर्म ध्वजा तथा पांच किलोग्राम पीतल का घंटा अर्पित कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई।
यात्रा का अगला पड़ाव इब्राहिमपुर स्थित बाबा इब्राहिम एवं इस्माइल शहीद की मजार रहा, जहां किन्नर समाज के लोगों ने चादर चढ़ाकर अमन-चैन और खुशहाली की दुआ मांगी। इस दौरान हिंदू-मुस्लिम एकता और सामाजिक सद्भाव का संदेश दिया गया।
यात्रा का समापन मजार परिसर में हुआ।
सद्भावना यात्रा का विभिन्न स्थानों पर स्वागत भी किया गया। मीरजापुर त्रिमुहानी पर वकील दुबे के नेतृत्व में लोगों ने माल्यार्पण कर स्वागत किया, जबकि मुख्यालय मार्ग पर सर्व समाज जनहित पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष विभूति नारायण सिंह ने कार्यकर्ताओं के साथ यात्रा का अभिनंदन किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित